Skip to content
हिंदी कहानी

साथियों नमस्कार, आज के इस संकलन में हम एक बार फिर हमारी मण्डली के लेखक सतीश भरद्वाज की लिखी “हिंदी कहानी – हाय” लेकर आएं हैं जिसे पढ़कर आप भावनाओं के सागर में कुछ इस कदर बह जाएँगे की आपको खुद इस कहानी में होने का अहसास होगा|


हिंदी कहानी – हाय

एक बुढा आदमी तेज कदमो से चलकर आया और खंडहर बन चुके मकान के आगे आकर खड़ा हो गया| ये एक छोटा सा कमरा था जिसकी कड़ियाँ टूटकर नीचे गिर गयी थीं और सामने एक छोटे से आँगन में अब कूड़ा कचरा बिखरा पड़ा था और ऊँची ऊँची झाडिया उगी हुई थीं| काफी समय से ये खंडहर यूँ ही पड़ा था|

बुढा सामने खड़ा हो गया उसकी आँखे सजल थी| फिर उसने एक ऊँची लेकिन करुण पुकार लगायी “ऐ शरबतिया, ऐ माफ़ी दे दे….री क्यूँ इतना जहर घोल री तू| माफ़ करदे शरबतिया…मुझसै बड़ा पाप हो गिया था| मेरी मति मलीन होगी थी री|”

फिर वो बुढा वहीँ धरती पर बैठ गया और जोर जोर से रोने लगा| इतने में ही दो तीन लोग वहाँ आये और उनमें से ही एक युवक ने इस बूढ़े को कन्धा पकड़ कर उठाया “पिताजी घर चलिए, नहीं तो फिर तबियत बिगड़ जाएगी”

बूढ़े ने उसका हाथ झटकते हुए अपनी ही धुन में फिर गिड़गिड़ाना शुरू कर दिया “री तू तो चाच्ची लगै इन बालको की| ये भी तो तेरे ई बालक हैं| क्यूँ इनका जनम ख़राब कररी तू…..री शरबतिया, दिके अपने नाम कि लाज रखले …बकस दे हम सब कु”

वहाँ और भी लोग इकट्ठा हो गए थे “वो युवक प्यार से समझाते हुए हुए उस बूढ़े को वापस ले गया| तभी वहाँ खड़े एक आदमी ने कहा “भाई भोत बुरी पड़ी शरबतिया की हाय तो लम्बरदार पै”

“लम्बरदार चतर सिंह” ये ही नाम था इस बूढ़े का| देवला गाँव का सबसे धनवान और सबसे बड़ा किसान|

आज से 5 वर्ष पहले की एक घटना, जिसके बाद आज लम्बरदार इस हालत में था|

आप पढ़ रहें हैं सतीश भारद्वाज की लिखी हिंदी कहानी – हाय  

…… …… ……

पाँच वर्ष पहले …

शरबतिया, एक विधवा जो अपने बेटे के साथ रहती थी| इसके और इसके बेटे सुनील के अलावा और कोई नहीं था इनके परिवार में| पति बहुत पहले ही चल बसे थे|

रोजी रोटी के लिए दुसरो के घरों में या दुसरो के खेतो पर मजदूरी कर लेती थी| अपने बेटे सुनील को इसने किसी तरह की कोई कमी नहीं होने दी थी| इसके लाड प्यार का असर ये हुआ कि इनके बेटे ने कभी अपनी जिम्मेदारी को समझा ही नहीं| कस्बे में पढने जाता था तो वहाँ कुछ आवारा लडको से दोस्ती हो गयी|

लेकिन वो आवारा लड़के तो अमीर परिवार से थे तो उनकी आवारगी तो उनका शोक थी| लेकिन सुनील के लिए तो कोई भी शोक ऐब ही था क्योंकि शोक करने लायक गुंजाइश ही नहीं थी|

अपने दोस्तों के साथ उनकी मोटरसाइकिलो और उनकी कारो में घूमता था| कभी-कभी गाँव में भी उनकी कार को लेकर आ जाता था| गाँव वालो को तो इस बात से ही बहुत चिढ थी कि सुनील कभी उनके खेतो पर मजदूरी करने नहीं आया| फिर उसका प्राइवेट स्कुलो में पढना और यूँ गाड़ियों में घुमने से तो बहुत सो की छातियों पर सांप लोटते थे|

एक दिन सुनील अपने किसी दोस्त की कार लेकर आ रहा था कि उसके दुर्भाग्यसे चतर सिंह के बुजुर्ग पिता को कार से टक्कर लग गयी| एक्सीडेंट के नाम से ही कोई भी घबरा जाये ये तो फिर चतर सिंह के पिता थे| सुनील घबराहट में गाड़ी को लेकर भाग गया|

लोगो ने देख लिया था कि टक्कर मारने वाला सुनील है, शरबतिया का बेटा| चतर सिंह के पिता को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था| जान को खतरा तो नहीं था लेकिन चोटें गंभीर थी फिर आयु भी बहुत हो चली थी, 80 के करीब जा रहे थे|

चतर सिंह या किसी के भी लिए सुनील का यूँ गाडियों और मोटरसाइकिल पर घूमना वैसे भी नागवार ही था| लेकिन आज तो सुनील से बड़ी गलती हो गयी थी| हिंदी कहानी | हाय 

चतर सिंह के घेर में ही गाँव के लगभग सभी सम्मानित लोग बैठे थे| शरबतिया भी बेचारी अपने बेटे सुनील के साथ अपराधीन सी खड़ी थी|

चतर सिंह ने एक तंज कसते हुए कहा “सो बिगा सै बी जादा ई धरती बोरा भाई मैं, अर होर भी काम धंदे… पर रोज नवी नवी गाड़ियों में घूमना तो म्हारे बी बसकी ना”

फिर चतर सिंह ने शरबतिया की तरफ देखते हुए कहा “शरबतिया, कोई नौकरी तो तेरा लौंडा कर ना रा…अर तू बी तुझ मुझ के खेत मै ई मजदूरी करै, कोई केस्सर तो बो ना रखी| फेर रोज नवी नवी गाडी आर ये अजब गजब ढाल की मोटरसाइकिल कहाँ सै आ जा तेरे लोंडे पै”

तभी वहाँ बैठे लोगो में से एक बोला “अजी पढ़न के ना पै पता नी क्या गुल खिलारा यो लोंडा, मुझै तो लगै ये सब गाडी चोरी चकारी की ई चलारा दिक्खै”

शरबतिया जो पहले ही अपराध बोध से दबी पड़ी थी ये हमला तो उसपर बहुत भारी पड़ गया| वो ज़मीन झुकते हुए बोली “चोरी वोरी ना जी, वो तो उसके दोस्तों की हैं जी| बस शोक मै ले आया जी, मै तो ना करू ही जी| पर बस आप तो जानो ई हो आजकल के बालको का मन”

चतर सिंह ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा “हाँ गाम मै बिरसे बि भोत पड़े उसके खात्तर, फेर गाड़ियों मै वो नी तो क्या हम फिरेंगे”

शरबतिया ने रोते हुए चतर सिंह के पैरो को पकड़ते हुए कहा “लम्बरदार जी गलती होगी, वो बि थारा ई बालक है.. माफ़ करदो जी| आज के बाद गाम मै बि न दिखै”

आप पढ़ रहें हैं हिंदी कहानी हाय 

चतर सिंह को जैसे एकदम ताव आ गया “मेरे बुड्ढे बाप कु मरता छोड़ कै भाग गिया अर तू बोलरी माफ़ कर दूँ| उस लोफर कु माफ़ कर दूँ ?”

तभी चतर सिंह का ही ख़ास बोल पड़ा “तेरे लोंडे का तो शोक हो गिया अर म्हारा क्या हाल बन गिया| पता डाक्टर नै अपरेसन बोल दिया हड्डी का| पचास्सो हज़ार का खर्चा आ जागा”

शरबतिया गिड़गिड़ा कर रो रही थी, उस आदमी के भी पैरो में गिर गयी|

तभी वहाँ बैठा एक आदमी बोल पड़ा “सुण री सारा खर्चा तू ई देगी इलाज का”

शरबतिया इस बात पर घबरा गयी| जो मजदूरी में कमाती थी उसमें से सभी कुछ तो खर्च हो जाता था| अपने बेटे सुनील को भी अच्छे स्कुल में पढ़ा रही थी|

जो थोड़े बहुत जेवर थे वो भी बेच ही चुकी थी| घबराते हुए बोली “खर्चा? अभी तो कुछ ना मेरे पास, पर सुनील का टेस्ट पास हो गिया सरकारी नौकरी का…एक एक पाई चूका दूंगी खर्चे की”

तभी एक और व्यक्ति बोल पड़ा “अच्छा तेरा लोंडा तो जागा नौकरी पै अर हम यहाँ डोब भरैन्गे, देख पुलस मै रपट कर दी| या तो सारा खर्चा अर दंड अभी के अभी दे ना तो सांज तक दरोगा जी अपने आप सलट लेंगे”

शरबतिया एकदम से घबरा गयी और चतर सिंह के पैर पकड़ लिए और रोती हुई बोली “माफ़ कर दो लम्बरदार…जिन्नगी बर्बाद मत करो मेरे बेट्टे की| यो थारे सामने खड़ा…. जो सजा देनी दे लो पर मुझ विधवा का सहारा ना छिन्नो”

चतर सिंह बोल पड़े “गरीब ….तू कहाँ की गरीब? लोंडा तेरा गाड़ियों मै घूमरा”

शरबतिया ने उठकर सुनील के चांटे मारते हुए कहा “लम्बरदार सही कहरे तम, खूब समझाऊ ही कि चद्दर सै बाहर पैर ना काढ़, हम मजदुर गरीब हैं”

इतने में ही चतर सिंह के युवा बेटे ने उठकर सुनील के कई चांटे जड़ दिए| और लोगो ने भी सुनील की पिटाई शुरू कर दी|

सुनील के ऊपर पड़ने वाला हर प्रहार शरबतिया को चोट पहुंचा रहा था| लेकिन वो रोते हुए बस ये कहा रही थी “इसे सजा दे लो जी जो देनी है| थारा ही बालक है जी, थारे भरोसे ई इस गाम मै पड़ी ही आज तक| ना तो मुझ विधवा का क्या सहारा?”

तभी पुलिस आ गयी “पुलिस को देखकर शरबतिया घबरा गयी| सुनील के चेहेरे पर खून निकल रहा था लेकिन उसकी घबराहट भी साफ़ दीख रही थी|

पुलिस सुनील को पकड़ कर ले जाने लगी “शरबतिया ने दरोगा के पैर पकड़ लिए, पंचायत में बैठे हर आदमी के पैरो में गिरकर वो गिड़गिड़ायी लेकिन किसी ने नहीं सुनी और पुलिस सुनील को ले गयी|

शरबतिया ने चतर सिंह से कहा “लम्बरदार मुझ गरीब की हाय मत ले, बकस दे हमें| दुबारा मै या मेरा लोंडा तुझै दिखै बी ना गाम मै, लम्बरदार रहम कर मुझ विधवा पर”

लम्बरदार ने ताव में आते हुए कहा “री वो आवारा है जहाँ जागा वहाँ लोफर पाना ई करैगा”

शरबतिया ने याचना करते हुए कहा “ना लम्बरदार सुधर जागा| नौकरी लगन वाली उसकी, उसकी जिन्दगी ख़राब ना करो”

चतर सिंह ने कहा “शरबतिया मेरा लोंडा ऐसा आवारा होत्ता या ऐसा काण्ड करता तो घर मै बी ना बड़ण देत्ता| खुद पुलिस कु सौंप देत्ता”

अब शरबतिया का सब्र का बाँध टूट गया था| उसने अपनी बिखरी आवाज़ में कहा “लम्बरदार बड़े बोल ना बोल, सबके सामनै आं उसके बोल्ले बोल| मेरे सुनील सै गलती हुई पर इतनी बी बड़ी ना हुई के उसकी जिन्दगी बर्बाद कर दो तुम गाम वाले”

लेकिन वहाँ किसी पर शरबतिया की वेदना और पीड़ा का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा था|

शरबतिया उठकर चल दी और चलते चलते कहा “लम्बरदार याद रखिये अपने बड़े बोल बी अर इस विधवा कु बी…..एक दिन तू खुद कहगा कि तुन्नै सही ना करा हा, जब तेरे बोल तेरे सामने आकर खड़े हो जावेंगे| तब तुझे पता चलेगा कि एक गरीब की हाय क्या कर सकती है?” हाय | हिंदी कहानी 

…… …… ……

शरबतिया उठकर चली गयी वहाँ से| लेकिन शायद ये उस घटना का असर था या कोई दुर्योग कि शरबतिया की दो दिन बाद ही मौत हो गयी| दुर्घटना का मुकदमा था तो सुनील कुछ दिन बाद ही छुट गया और गाँव छोडकर चला गया|

फिर कभी सुनील गाँव में नहीं आया| सब कुछ सामान्य चल रहा था| चतर सिंह बहुत ही खुश था अपनी जीत पर, लोगो को शान से अपनी पितृभक्ति के बारे में बताता था कि कैसे उसके पिता को चोट देने वाले को उसने गाँव बदर कर दिया|

किसी को एहसास नहीं था उस दुःख और पीड़ा का जो शरबतिया ने सही थी|

शरबतिया का मकान भी जैसे उस दुःख को नहीं सह पाया और टूटकर बिखरने लगा था|

हिंदी कहानी – हाय 

…… …… ……

उस घटना से एक वर्ष बाद एक दिन जब चतरसिंह अपनी बैठक में बैठा था तभी गाँव का एक आदमी आया, वो घबराया हुआ था| अपनी फूली हुई सांस को सँभालते हुए उसने चतर सिंह से कहा “लम्बरदार जी रोहित ने गाडी सै टक्कर मार दी जी”| रोहित चतर सिंह का इकलोता पुत्र है|

चतर सिंह एक दम से खड़ा हो गया और बस इतना ही कह पाया “कहाँ? कैसा है रोहित?”

उस आदमी ने कहा “ वो जी कस्बे के जटिया मोहल्ले में, एक बुढिया थी, टक्कर लगते ई मरगी जी” फिर थोडा रुकते हुए बोला “वो जी दरोगा जी का फोन आया हा, बतारे हे कि रोहित दारु के नशे मै धुत्त था जी, मोहल्ले वालो ने गाडी बी तोड़ दी जी अर रोहित कु बी मार लगाई”

चतर सिंह के चेहरे पर अब घबराहट छा गयी| वो उठकर अन्दर गया और फोन पर दरोगा से बात की फिर निराश होकर बहर आ गया|

उस आदमी ने पूछा “क्या कहरे दरोगा जी?”

चतर सिंह ने दुखि मन से कहा “चिक काटनी पड़ी दरोगा जी कु, भीड़ लगा दी ही उन्होंने थाणे में| मेडिकल हो रा अब”

उस आदमी ने घबराते हुए कहा “मेडिकल मै तो दारु बी आ जागी जी”

फिर चतर सिंह अन्दर जाकर कुछ देर बाद बहर आया और कस्बे की तरफ अपने कुछ शुभचिंतको को लेकर चल दिया| देर रात चतर सिंह वापस आया| कोई भी समझोते को तैयार नहीं हुआ था| रोहित को पुलिस हिरासत में ही रहना पड़ा|

लेकिन चतर सिंह का दुर्भाग्य बस यहीं नही रुका| अगले दिन प्रात: चतर सिंह वापस कस्बे में जाने की तैयारी रहा था, उसके कुछ ख़ास शुभचिंतक भी आ गए थे|

चतर सिंह के मोबाइल की घंटी बजी, उसके दामाद का फोन आया था| वो बहुत ही परेशान था, चतर सिंह की बेटी का विवाह दो वर्ष पहले हुआ था और वो विवाह के बाद पहली बार गर्भवती थी|

चतर सिंह के दामाद ने बाताया “पिताजी रात जैसे ही रोहित के एक्सीडेंट की खबर सुनी तो घबरा गयी| बस क्या कहूँ जी तबियत ख़राब होती चली गयी| डोक्टर के पास भी ले गये लेकिन जी बच्चा मिस्करेज हो गया| इसकी तो हालत अब ठीक है पर मेरे घर में ख़ुशी आने से पहले ही …”इतना कहते ही वो रोने लगा|

चतर सिंह के हाथ से मोबाइल छुटकर ज़मीन पर गिर गया| वो खुद भी धम्म से ज़मीन पर पसर गया| वहाँ खड़े लोग परेशान हो गए और फोन को उठाकर दामाद से बात करने लगे|

हिंदी कहानी | हाय 

…… …… ……

चतर सिंह को दरवाजे पर शरबती खड़ी दिखाई दी| वो वितृष्णा भरी दृष्टि से देख रही थी| लेकिन उसके चेहेरे पर एक मुक्तिभाव प्रदर्शित करती मुस्कान दिखाई दे रही थी|

चतर सिंह उठकर अपने उस दिवास्वप्न के पीछे भाग लिया और भागते भागते शरबती के खंडहर बन चुके मकान के बाहर आकर ज़मीन पर बैठ गया और चिल्लाने और रोने लगा “शरबती मुझे माफ़ कर दे, मेरे जीवन में जहर मत घोल, री अपने नाम की लिहाज कर| शरबती है तेरा नाम, मिठास बाँट जहर मत घोल”

चतर सिंह के कानों में शरबती के वो बोल गूंज रहे थे “लम्बरदार याद रखिये अपने बड़े बोल बी अर इस विधवा कु बी…..एक दिन तू खुद कहगा कि तुन्नै सही ना करा हा, जब तेरे बोल तेरे सामने आकार खड़े हो जायेंगे| तब तुझे पता चलेगा कि एक गरीब की हाय क्या कर सकती है?”

समय अपनी गति से गतिमान रहा सब कुछ बदल गया था| सुनील कभी गाँव में वापस नहीं आया उसकी सरकारी नौकरी लग गयी थी और विवाह भी हो गया था| रोहित के मामले में भी समझोता हो गया था उसका भी विवाह हो गया था|

चतर सिंह की बेटी के घर में भी एक सुंदर पुत्री ने जन्म ले लिया था| सबका जीवन खुशहाल हो गया था| किसी को याद भी नहीं आती थी वो घटनाएं लेकिन चतर सिंह का जीवन जैसे बस उस दिन पर आकर ठहर गया था| वो पागल हो चूका था, उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया जाता था|

लेकिन यदि वो कभी घर से बहर निकलता भी था तो सीधा शरबती के खंडहर बन चुके मकान पर आकर ही ठहरता था और शरबती से माफ़ी मांगने लगता था| उसे आज भी शरबती दिखाई देती थी|

हिंदी कहानी – हाय 

लेखक:

सतीश भारद्वाज

https://www.facebook.com/aperetive/


साथियों आपको सतीश भारद्वाज की लिखी “हिंदी कहानी | हाय ” कैसी लगी हमें कमेंट सेक्शन में ज़रूर बताएं और हमारा फेसबुक पेज जरुर LIKE करें|

साथियों अगर आपके पास कोई भी रोचक जानकारी या कहानी, कविता हो तो हमें हमारे ईमेल एड्रेस hindishortstories2017@gmail.com पर अवश्य लिखें!

अब आप हमारी कहानियों का मज़ा सीधे अपने मोबाइल में हमारी एंड्राइड ऐप के माध्यम से भी ले सकते हैं| हमारी ऐप डाउनलोड करते के लिए निचे दी गए आइकॉन पर क्लिक करें!Hindi Short Stories

पढ़ें सतीश भारद्वाज की लिखी कहानी

Lockdown Story in Hindi | लॉकडाउन की पूरी कहानी

खारा पानी | Hindi Story with Moral

 

3 thoughts on “हिंदी कहानी – हाय”

    1. आपका बहुत बहुत धन्यवाद! हमारा लक्ष्य है हिंदी लेखकों को एक ऐसा मंच प्रदान करना जहाँ हिंदी भाषा की कृतियों को प्रकाशित किया जा सके|

  1. Pingback: Story on Soldier in Hindi | फौजी की पत्नी - Shayari Mall

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Hindi Short Stories » हिंदी कहानी – हाय

हिंदी कहानी – हाय

Exit mobile version